
जमशेदपुर : शहर स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल के तुगलकी फरमान के खिपाफ संयुक्त युवा संघ सड़क पर उतर आया है. संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसएसपी से मिल कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत की. साथ ही इस मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की. संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल ने कहा कि कोरोना संकट व इससे उत्पन्न स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने फीस वगैरह के लिए जहां अभिभावकों पर किसी प्रकार का दबाव नहीं देने का आदेश दिया है. वहीं केरला समाजम मॉडल स्कूल के द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से अभिभावकों को यह संदेश दिया जाता है कि फीस जमा नहीं करने की स्थिति में उनके बच्चों को परीक्षा में हर विषय में शून्य अंक दिये जायेंगे. यह भी किसी अपराध से कम नहीं है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय भी अपने स्तर से कार्रवाई कर रहा है. वहीं एसएसपी से मिल कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गयी है. एसएसपी को ज्ञापन सौंपनेवाले प्रतिनिधिमंडल में धूरज चौधरी, उमेश शुक्ला, सिद्धार्थ सिंह, शुभम कुमार, रिशु शुक्ला, शुभम प्रसाद, कामराम अख्तर, ए खान, सोहन लाल, मोहन दास व अन्य सदस्य शामिल थे.







