जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद् एवं जिला प्रशासन के बीच ठन गई है. बता दें कि हाल के दिनों में जिला परिषद और जिला प्रशासन के बीच तल्खी बढ़ गई है. जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू ने उपायुक्त पर निर्वाचित जन प्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में आगामी 24 जनवरी को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन की घोषणा कर रखी है. इसमें उनकी राज्य के सभी जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला परिषद् सदस्य, मुखिया, वार्ड मेम्बर व पंचायत समिति के सदस्यों को शामिल करने की योजना है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद् अध्यक्ष बारी मुर्मू ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष 30 सितंबर को जिले के उप विकास आयुक्त के सेवानिवृत्त होने के बाद से जिला परिषद का प्रभार भी उपायुक्त के ही जिम्मे है. उन्होंने आरोप लगाया कि डीडीसी के सेवा निवृत्त होने के बाद से ही गांवों का विकास ठप हो गया है. इसको लेकर उन्होंने कई बार उपायुक्त से मिलने का प्रयास किया, किन्तु उन्होंने समय नहीं दिया ना ही इसमें कोई दिलचस्पी दिखाई. इससे गांवों का विकास प्रभावित हो रहा है. इसी को लेकर आगामी 24 जनवरी को जिले के उपायुक्त के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा.











