
जमशेदपुर : जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक सह साकची रिटेल मर्चेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू ने बताया है कि साकची बाजार के अंतर्गत विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर व्यापारियों, दुकानदारों का स्थानीय विधायक सरयू राय के साथ बहुत जल्द एक संवाद कार्यकम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम की तिथि और समय व्यापारियों की समस्याओं को जानने और उनका मंतव्य लेने के पश्चात तय की जाएगी. विधायक के व्यवसायिक मामलों के प्रतिनिधि आकाश शाह के सहयोग से साकची के सभी दुकानदारों तक पहुंच कर उनकी समस्याओं को जानकर सूचीबद्ध किया जाएगा. तत्पश्चात विधायक सरयू राय के समक्ष सभी समस्याओं की सूची साझा कर व्यापारियों के साथ सीधा संवाद का आयोजन होगा. उन्होंने कहा है कि बाजार को तोड़ने और मॉल बनाने की भ्रामक खबरों का भी विधायक के समक्ष रखा जाएगा तथा सैरात बाजार के दुकानदारों को अपनी दुकानों को पक्का बनाने, सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण करने की भी अनुमति प्रदान करने के लिए मांग पत्र सौंपा जाएगा.







