जमशेदपुर : शहर की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में जमशेदपुर पुलिस ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने 3 अगस्त को सीसीआर साकची परिसर में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया. इस नई व्यवस्था के जरिए बीट पुलिसिंग को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप दिया गया है. नई प्रणाली के तहत प्रत्येक बीट क्षेत्र में क्यूआर कोड लगाए गए हैं. बीट पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान इन क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे. साथ ही, गश्त, निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों, स्थानीय समस्याओं और अन्य आवश्यक जानकारियों को तत्काल ऑनलाइन सिस्टम में अपडेट करेंगे. इससे अधिकारियों को बीट पुलिसिंग की वास्तविक समय में निगरानी करने में सुविधा होगी और कार्यप्रणाली अधिक जवाबदेह बनेगी. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस विभाग के अनुसार इस डिजिटल व्यवस्था से बीट अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी तथा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा. साथ ही, आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी यह पहल सहायक साबित होगी. सीसीआर साकची परिसर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी, बीट पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे. जमशेदपुर पुलिस की यह पहल स्मार्ट और तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.




