
जमशेदपुर : जमशेदपुर और आदित्यपुर समेत कई जिलें में दिवाली मनाने पर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने पाबंदी लगा दी है. कई पाबंदियों के बीच लोग दिवाली का पर्व मना सकेंगे और पटाखे फोड़ सकेंगे. पहले से ही राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थान पर पटाखा पर पाबंदी लगायी थी तो ऊपर से प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की ओर से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के एक आदेश का हवाला देते हुए गुरुवार को एक आदेश दिवाली को लेकर चाली किया. प्रदूषण बोर्ड के सदस्य सचिव राजीव लोचन बक्शी ने एक आदेश जारी करते हुए कहा है कि रांची, रामगढ़, बोकारो, पलामू, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिला), सरायकेला-खरसावां (आदित्यपुर समेत), हजारीबाग, गिरीडीह, धनबाद, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज के शहरी क्षेत्रों में जहां की वायु गुणवत्ता स्तर नवंबर 2019 के दौरान थोड़ा प्रदूषित श्रेणी में आते हैं, वहां केवल हरित पटाखे (ग्रीन क्रैकर्स) की ही बिक्री की जा सकेगी, साथ ही दिवाली के दिन पटाखे मात्र दो घंटे शाम 8 बजे से लेकर रात 10 बजे तक ही चलाये जा सकेंगे. इसके अलावा चतरा, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, कोडरमा, जामताड़ा और दुमका के शहरी क्षेत्रों और ग्रामीण क्षेत्रों, जहां की वायु गुणवत्ता स्तर नवंबर 2019 के दौरान अच्छी और संतोषप्रद श्रेणी में आते है, वहां अन्य वैसे पटाखों की ही बिक्री की जा सकेगी, जिनकी ध्वनि सीमा 125 डेसिबल से कम हो. साथ ही दिवाली के दिन मात्र दो घंटे रात 8 बजे से रात 10 बजे तक ही चलाये जा सकेंगे. जो भी व्यक्ति उक्त निर्देशों का उल्लंघन करते हुए पाये जायेंगे, उन पर आइपीसी की धारा 188 और वायु प्रदूषण निवारण और नियंत्रण अधिनियम 1981 की धारा 37 और अन्य संगत अधिनियमों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई संबंधित उपायुक्त द्वारा की जायेगी. राज्य में दीपावली, छठ, गुरुपर्व, क्रिसमस, नववर्ष आदि त्योहारों के समय पटाखे मात्र दो घंटे तक ही चलाये जा सकेंगे. दीपावली और गुरुपर्व पर रात 8 बजे से रात 10 बजे तक, छठ पर सुबह 6 बजे से सुबह 8 बजे तक और क्रिसमस और नये साल के दिन मध्य रात्री 11.55 बजे से मध्य रात्रि 12.30 बजे तक पटाखे चलाये जा सकेंगे.














