
जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, जमशेदपुर द्वारा विभिन्न जोन में बैठकें आयोजित की जा रही हैं. इसी क्रम में टेल्को ईस्ट जोन एवं सोनारी वेस्ट जोन की महत्वपूर्ण बैठकें संपन्न हुईं. टेल्को ईस्ट जोन की महत्वपूर्ण बैठक सबूज कल्याण संघ में संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, जमशेदपुर के कार्यकारी अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह ने की एवं संचालन नंदलाल सिंह द्वारा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में बिरसानगर, टेल्को एवं गोविंदपुर थाना प्रभारियों ने पूजा समितियों को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसके समाधान के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री आशुतोष सिंह ने सभी पूजा समितियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूजा से संबंधित प्रशासनिक अथवा कंपनी से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए समिति संबंधित विभागों एवं कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक पहल करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अभिभावक रामबाबू सिंह, महामंत्री आशुतोष सिंह, नंदलाल सिंह, चंद्रभान सिंह, प्रमोद तिवारी एवं प्रदीप दास सहित टेल्को, गोविंदपुर एवं बिरसानगर थाना प्रभारी तथा टेल्को ईस्ट जोन की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में पूजा समितियों द्वारा सड़क, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, पार्किंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया. इनमें गेल की पाइपलाइन के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की ट्रिमिंग, गुड़ाबांधा रोड की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, अवैध पार्किंग, बिरसानगर क्षेत्र की सड़कों की स्थिति तथा बारीडीह बाजार से बिरसानगर जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या शामिल रही. नवजीवन कॉम्प्लेक्स दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा गेल की पाइपलाइन कार्य से उत्पन्न सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए गेल के पदाधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक करने की मांग की गई. वहीं बिरसानगर जोन नंबर-3 दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा पूजा लाइसेंस में नाम स्थानांतरण में आ रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया. सभी पूजा समितियों ने पूजा पंडालों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को अंधेरे के कारण किसी प्रकार की परेशानी न हो. दूसरी ओर, इसी क्रम में सोनारी वेस्ट जोन की बैठक सोनारी गुरुद्वारा में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के अध्यक्ष अचिन्तम गुप्ता ने की. बैठक का संचालन अभिषेक कुमार (मनीष) ने किया।एवं धन्यवाद ज्ञापन बबन शुक्ला जी ने किया. बैठक में सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन, डीएसपी मनोज कुमार सहित सोनारी थाना क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में इंद्रजीत सिंह, राघवेंद्र मिश्रा, रुद्र प्रताप, विजय वर्धा एवं हर्ष नायडू बिजय वर्जन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. बैठक में आगामी दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई. पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समिति एवं प्रशासन के समक्ष रखा. प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा पूजा समितियों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा. केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे एवं सांस्कृतिक सौहार्द का पर्व है. समिति का उद्देश्य है कि शहर के सभी पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो तथा प्रशासन, पूजा समितियों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ पूजा का आयोजन संपन्न हो. बैठक के अंत में सभी पूजा समितियों ने आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया.




