
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना अंतर्गत रसुनचोपा के पास टाटा मैजिक पर सवार आठ अपराधियों ने ओड़िशा के बकरी व्यापारियों से दिनदहाड़े 1.70 लाख की लूट कर ली. अपराधियों ने व्यापारियों की गाड़ी को रोकने के लिए फायरिंग भी की. भागने के क्रम में उन्होंने एक व्यापारी की नाक पर पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद दोनों व्यापारी कोवाली थाना पहुंचे और मामले की शिकायत की. इस घटना में रायरंगपुर निवासी व्यापारी प्रताप बेहरा से 1.30 लाख रुपये और मुख्तार से 30 हजार रुपये की लूट की है. इधर सूचना पाकर धालभूमगढ़ डीएसपी चंद्रशेखर आजाद मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरु कर दी. घटना के संबंध में व्यापारी प्रदीप ने बताया कि वे लोग बकरी का व्यापार करते हैं. बकरी खरीदने के लिए ओड़िशा के रायरंगपुर से हल्दीपोखर के बकरी बाजार आ रहे थे. रसूनचोपा के पास पहलेतो एक टाटा मैजिक पर सवार अपराधियों ने उन्होंने हाथ देकर रोकना चाहा पर उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी. उन्होने ओवरटेक कर गाड़ी में फायरिंग कर दी. गाड़ी रोकने के बाद सभी ने दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए लूटपाट की और मौके से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.












