जमशेदपुर : टाटा लीज क्षेत्र एवं इससे सटे अन्य बस्तियों के निवासियों को टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) का विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने को लेकर बनी कमिटी की बैठक जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित विद्युत महाप्रबंधक कार्यालय में विद्युत महाप्रबंधक श्रवण कुमार की अध्यक्षता में हुई. इस बैठक मे जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय विशेष रूप से शामिल हुए. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मोहरदा, मुराकाटी क्षेत्र में टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) बिजली हेतु शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा. मोहरदा ओड़िया स्कूल मैदान में सब स्टेशन के लिए सभी आवश्यक सामग्री (सीटीएसएस) टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा खरीद लिया गया है. सिर्फ सब स्टेशन स्थल के लिए अपर आयुक्त और सड़क में केबुल बिछाने के लिए पथ निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में है. बैठक के दौरान ही विधायक श्री राय ने अनापत्ति प्रमाण पत्र यथाशीघ्र निर्गत करने के लिए दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों से बात की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के अधिकारियों ने श्री राय को बताया कि छायानगर-चंडीनगर, निर्मलनगर के लिए सब स्टेशन निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है. विधायक श्री राय ने अधिकारियों से उक्त सब स्टेशन निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. बागुननगर क्षेत्र में विद्युत क्षमता को 2 केवीए से बढ़ाकर 10 केवीए करने के लिए विधायक श्री राय की पहल पर बागुननगर में एक नया सब स्टेशन का निर्माण पूरा हो गया है, पावर भी चार्ज कर लिया गया है. क्षेत्र के निवासियों को बिजली कनेक्शन देने के लिए फॉर्म वितरण किया जा रहा है. अभी तक 200 लोगों ने फार्म जमा भी कर दिया है जिन्हें टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा शीघ्र बिजली देने के लिए एलटी नेटवर्क डेवलप किया जा रहा है. विधायक श्री राय ने बागुननगर के ‘डी’ ब्लाक को भी बिजली देने की बात कही. विधायक श्री राय ने जुस्को के अधिकारियों को बिरसानगर क्षेत्र में जुस्को बिजली देने का प्रस्ताव दिया और इसके लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील यूआइएसएल के अधिकारियों ने बिरसानगर क्षेत्र में जल्द ही जुस्को बिजली की संभवना का सर्वे कराने की बात कही. बारीडीह बस्ती, शक्तिनगर, शांतिनगर, बागुनहातु, लक्ष्मीनगर, प्रेमनगर, रामाधीन बगान, गायत्रीनगर को भी टाटा स्टील यूआइएसएल की बिजली देने के लिए सर्वे का कार्य जारी है. बारीडीह बस्ती में टाटा स्टील यूआइएसएल बिजली हेतु सबस्टेशन स्थल का भी सर्वे किया जा रहा है. विधायक श्री राय ने गोलमुरी के केबुल टाऊन और केबुल बस्ती के प्रत्येक घरों को अलग-अलग बिजली प्रदान करने की प्रगति की जानकारी मांगी. इस पर टाटा स्टील यूआइएसएल के अधिकारियों ने बताया कि केबुल टाऊन, डीएस फ्लैट क्षेत्र में अलग-अलग बिजली देने के लिए इनकैब के रेज्युलेशन प्रोफेशनल को पत्राचार किया गया था. मामला एनसीएलटी में होने के कारण अभी तक एनओसी प्राप्त नहीं हुआ है, जिस पर विधायक श्री राय ने इंकैब को पुनर्विचार के लिए पुनः वार्ता करने के लिए कहा अन्यथा न्यायालय के माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की बात कही. विधायक श्री राय के प्रयास पर पूर्वी विधानसभा के 20 हाइमास्ट लाइटों में टाटा स्टील यूआइएसएल से विद्युत आपूर्ति का कार्य पूरा कर लिया गया है. अब जेबीवीएनएल की बिजली कटने पर अंधेरा छा जाने की परेशानी से लोगों को मुक्ति मिल गयी है. बैठक में श्री राय ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में जो कोई भी टाटा स्टील यूआइएसएल की बिजली प्राप्त करने के लिए आवेदन करता है तो उसे बिजली दी जाये. बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर सुविधा बहाल की जाये. (नीचे भी पढ़ें)
विगत कुछ समय से जुस्को से बिजली कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को जेएनएसी का ऑक्युपेंसी प्रमाण पत्र जमा करने की बात टाटा स्टील यूआइएसएल से कही जा रही है. इस पर संज्ञान लेते हुए विधायक श्री राय ने उपभोक्ताओं के हित में उचित कदम उठाने की बात टाटा स्टील यूआइएसएल के अधिकारियों को कहा. साथ ही जमशेदपुर अक्षेस से बातकर इसका यथायोग्य समाधान निकालने की बात कही. ज्ञात हो कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा लीज क्षेत्र के नागरिकों को विद्युत कनेक्शन देने में मनमानी करने का मामला विधानसभा में उठाया था. जिसके उपरांत टाटा कमांड क्षेत्र के सभी नागरिकों को विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए जमशेदपुर के विद्युत महाप्रबंधक की अध्यक्षता में एक कमिटी का गठन किया गया ताकि इसकी जांचकर लीज क्षेत्र के सभी निवासियों को विद्युत आपूर्ति प्रदान की जा सके. बैठक में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, कार्यपालक अभियंता, टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रतिनिधि, जमशेदपुर अक्षेस के प्रतिनिधि, विधायक सरयू राय के निजी सचिव सुधीर सिंह के साथ ही अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे.











