
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत डिमना रोड स्थित मून सिटी हनुमंत नगर के राजीव पथ के समीप नाले की जमीन का अतिक्रमण का मामला जिला मुख्यालय पहुंच गया है. गुरुवार को स्थानीय बस्तीवासियों ने जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर स्थानीय दबंग लोगों पर सरकारी जमीन का जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिले के उपायुक्त से उक्त भूखंड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. बस्ती वासियों ने बताया, कि उक्त भूखंड पर सांसद से सामुदायिक भवन निर्माण कराए जाने की मांग की गई है, लेकिन स्थानीय दबंगों द्वारा जबरन सरकारी जमीन का अतिक्रमण किया जा रहा है. इसको लेकर अंचल कार्यालय को भी अवगत कराए जाने की बात उन्होंने कही. बस्ती वासियों ने इसके पीछे स्थानीय थाना की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है. बताया गया, कि स्थानीय थाना और अंचल कार्यालय के मिलीभगत से सरकारी जमीन का दोहन किया जा रहा है. वैसे यह मामला पिछले करीब 1 साल से चल रहा है, बावजूद इसके अब तक ना तो अंचल कार्यालय, ना ही जिला प्रशासन की ओर से किसी तरह की कोई पहल की गई है. संभावना जताई जा रही है, कि कभी भी यहां हिंसक झड़प हो सकता है. वैसे दो- तीन बार यहां हिंसक झड़प पूर्व में हो चुका है.




