
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डेन के पास तालाब का अतिक्रमण की शिकायत के बाद सीओ ने मामले पर कार्रवाई की है. जमशेदपुर सीओ अमित श्रीवास्तव शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और तालाब में हो रहे अतिक्रमण को बंद करवाया. इसके अलावा वहां की गयी घेराबंदी को हटवाया. टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बलों की मौजूदगी में इस अतिक्रमण को हटाया गया. इस दौरान सोनारी पुलिस भी मौके पर मौजूद थी. अमित कुमार ने तालाब का अतिक्रमण कर रहे लोगो को चेतावनी दी और काम को तुरंत बंद करने को कहा. बता दे कि वृंदावन गार्डेन के पास स्थित तालाब का कई दिनों से अतिक्रमण किया जा रहा है. भू-माफियाओं द्वारा तालाब का अतिक्रमण कर उसे बेचने की तैयारी चल रही है. प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी. इस मामले में शिकायत के बाद प्रशासन के कान खड़े हुए जिसके बाद कार्रवाई करते हुए सीओ अमित कुमार ने अतिक्रमण बंद करवाया और सारे अतिक्रमण को हटा दिया. इस मामले में पुलिस ने अतिक्रमण करने वाले दो लोगों को हिरासत में भी लिया है, जिनको थाना पर ले जाकर रखा गया है.
कागलनगर में जहां से हटा था अतिक्रमण, वहां फिर से हो रहा था कब्जा
सोनारी के कागलनगर में हाइ प्रोफाइल ड्रामा के बाद जिस अतिक्रमण को हटाया गया था. उस अतिक्रमण पर फिर से कब्जा किया जा रहा था. पिछले तीन दिनों से वहां दुकान बनाने की कवायद चल रही थी और कर्मचारी काम कर रहे थे. इसकी सूचना के बाद अंचलाधिकारी फिर से वहां पहुंचे और अतिक्रमण को हटाया गया. काफी मुश्किलों के बाद वहां से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन जमीन माफिया द्वारा फिर से वहां की घेराबंदी की जा रही थी, जिसको रोक लगायी गयी है.





