जमशेदपुर : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (इएसआइसी) के शाखा कार्यालय आदित्यपुर (सरायकेला खरसावां जिला) में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान, दिवंगत बीमित व्यक्तियों के आश्रित परिवारों को आश्रित हित लाभ के तहत लाखों रुपये के एरियर का भुगतान किया गया. इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार ने लाभुकों को भुगतान सौंपा और निगम द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक संजय कुमार भी उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान दिवंगत बीमित व्यक्तियों के परिवारों को उनके आश्रित हितलाभ की बकाया राशि प्रदान की गई और उन्हें यह भी बताया गया कि अब से हर महीने आश्रित हितलाभ की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी. इसके तहत स्वर्गीय सिराजुद्दीन अंसारी के आश्रितों को 1,56,806 रुपये की एरियर राशि का भुगतान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही, परिवार को आश्रित हितलाभ की स्वीकृति प्रदान की गई है. इसी तरह स्वर्गीय राजू प्रसाद के आश्रितों को 2,17,333 रुपये की एरियर राशि का भुगतान किया गया. इनके परिवार को आश्रित हितलाभ स्वीकृत किया गया है. क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इएसआइसी कामगारों और उनके परिवारों को संकट के समय में त्वरित आर्थिक संबल और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह हितलाभ बीमित व्यक्ति के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार को एक स्थायी आर्थिक सहारा देता है. कार्यक्रम के अंत में, शाखा प्रबंधक संजय कुमार ने सभी लाभुकों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार की सहायता और मार्गदर्शन के लिए इएसआइसी शाखा कार्यालय आदित्यपुर हमेशा उनके लिए तत्पर है.




