
जमशेदपुर : जमशेदपुर आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जहां विभाग ने बिष्टुपुर, बिरसानगर और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में छापेमारी करते हुए चार हजार लीटर अवैध जावा महुआ नष्ट कर दिया, वहीं तीन सौ लीटर अवैध महुआ शराब जप्त किया है. आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिल रही थी, कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब माफिया सक्रिय हैं. इसको लेकर एक टीम का गठन किया गया. वहीं टीम के सदस्यों ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के उरांव बस्ती, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह हरिजन बस्ती और बिरसा नगर थाना क्षेत्र के हुरलंग में एक साथ छापेमारी की.
आपको बता दें कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह हरिजन बस्ती के लोगों ने बस्ती में व्यापक पैमाने पर अवैध शराब के कारोबार की सूचना जिले के उपायुक्त और एसएसपी को दी थी. जिसके बाद जिले के सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर विभाग ने यह कार्रवाई की है. हालांकि इस कार्यवाही में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. सभी फरार बताए जा रहे हैं. वहीं आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दो शराब माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. वहीं आबकारी विभाग के इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप देखा जा रहा है.






