जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला आबकारी विभाग ने सोमवार को बिरसानगर के दुखूडीह जंगल स्थित एक सुनसान इलाके में संचालित अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. विभाग की 15 सदस्यीय टीम ने तड़के छापामारी कर लाखों रुपये की नकली शराब और भारी मात्रा में पैकिंग की सामग्रियां जब्त की. अवर उत्पाद निरीक्षक रामदेव पासवान ने बताया कि जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, फैक्ट्री मालिक फरार हो गया. फैक्ट्री लंबे समय से जंगल के बीच गुपचुप तरीके से चलाई जा रही थी, जहां विभिन्न नामी ब्रांड की आड़ में नकली शराब तैयार की जा रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी में दो ड्रम नकली रंगीन शराब के साथ मैक्डॉनल्ड और रॉयल चैलेंज ब्रांड नाम से भरी गई बोतलें मिलीं. विभागीय टीम को मौके से करीब 2000 खाली बोतलें, 2000 स्टिकर और ढक्कन भी मिले हैं. खाली बोतलों को वहीं नष्ट कर दिया गया जबकि शेष सामान को विभागीय अधिकारियों ने जब्त कर विभागीय गोदाम में भेजवा दिया. अधिकारियों के मुताबिक, यहां से बड़े पैमाने पर नकली शराब की अवैध सप्लाई की तैयारी की जा रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान में उत्पाद निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक राम हरि महतो सहित विभाग के अन्य जवान शामिल रहे. प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फरार फैक्ट्री संचालक की तलाश की जा रही है. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा.











