जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने शुक्रवार देर शाम जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ व्यापक छापामारी अभियान चलाया. निरीक्षक उत्पाद, धालभूम प्रक्षेत्र कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत कुल पांच अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं. छापामारी की शुरुआत बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान के समीप अवैध शराब बिक्री स्थल से की गई. कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं ने विरोध भी किया, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने अभियान जारी रखते हुए बड़ी मात्रा में चुलाई शराब जब्त कर ली. इसके बाद बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित पार्वती देवी (55) के घर पर छापेमारी कर वहां से भी अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे स्थित खटिक मोहल्ला और दुखू मार्केट के सामने संचालित तीन अवैध शराब बिक्री ठिकानों पर एक साथ छापामारी की. यहां से भी भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. कार्रवाई के दौरान गोपाल राय (50), निवासी दुखु मार्केट, रेलवे लाइन किनारे, जुगसलाई को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.(नीचे भी पढ़ें)
उत्पाद विभाग ने इस मामले में पार्वती देवी (55), श्रवण खटिक (52), विनोद खटिक (51) और गोपाल राय (50) सहित अन्य के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके अलावा वायरलेस मैदान के समीप स्थित एक अन्य अवैध शराब बिक्री स्थल को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




