जमशेदपुर : जमशेदपुर के आबकारी अधिकारियों ने बिरसानगर थानांतर्गत हुरलुंग में छापामारी कर वहां चल रही शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया. अधिकारियों ने वहां से करीब 180 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए वहां से बरामद करीब 12 हजार किलो जावा महुआ भी नष्ट कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि जमशेदपुर के सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर आबकारी अधिकारियों की टीम ने बिरसानगर थानांतर्गत हुरलुंग में संचालित अवैध महुआ चुलाई भट्ठी पर औचक छापामारी की. हालांकि आबकारी अधिकारियों के पहुंचने की भनक पाकर संचालक एवं अन्य लोग तो वहां से फरार हो गये, किन्तु अधिकारियों ने वहां चल रही भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए उन पर पक रहे एवं पकाने के लिए रखे करीब 12 हजार किलो जावा महुआ को नष्ट कर दिया, जबकि अधिकारियों ने वहां से 180 लीटर के करीब तैयार अवैध महुआ शराब भी जब्त की. अधिकारियों ने फरार भट्ठी संचालक सहित अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं आबकारी अधिकारियों ने मानगो थानांतर्गत कुमरुम बस्ती एवं सोनारी थाना अंतर्गत कागलनगर में अवैध शराब बिक्री स्थलों पर भी छापामारी कर वहां से 02 व्यक्तियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है.




