बहरागोड़ा: बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में 108 एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण क्षेत्र की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं. चार महीने से मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराज एम्बुलेंस कर्मी 18 नवंबर की रात आठ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. इसके कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करने में काफी परेशानी हो रही है. एम्बुलेंस सेवा ठप होने का सबसे अधिक असर गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर पड़ रहा है. गंभीर स्थिति में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने पर परिजनों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है. इसके लिए उन्हें मनमाना किराया चुकाना पड़ रहा है. अचानक आई इस परेशानी से मरीजों के परिजन आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कुल तीन एम्बुलेंस उपलब्ध हैं. इनमें से एक एम्बुलेंस पूरी तरह कबाड़ की स्थिति में पहुंच चुकी है. वहीं, बाकी दो एम्बुलेंस के टायर, इंजन और बॉडी की हालत भी बेहद खराब है. वाहनों के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिए जाने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. बताया जाता है कि रात के समय कई बार एम्बुलेंस की लाइटें तक काम नहीं करती हैं. ऐसी स्थिति में चालकों और सहयोगियों को मोबाइल की रोशनी के सहारे वाहन चलाने की मजबूरी झेलनी पड़ती है. दूसरी ओर, चार महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण एम्बुलेंस कर्मियों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. नियमित रूप से काम करने के बावजूद भुगतान नहीं होने से उनके परिवारों का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है. कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय बकाया रहने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के बीच काम करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है.
एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल और वाहनों की जर्जर स्थिति ने बहरागोड़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. यदि जल्द ही कर्मियों के बकाया मानदेय का भुगतान और एम्बुलेंस की मरम्मत की व्यवस्था नहीं की गई, तो मरीजों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है.












