
जमशेदपुर : उपायुक्त सह अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश पर राष्ट्रीय अंधापन निवारण अभियान के तहत नेत्र शिविरों का आयोजन एक बार पुनः शुरू हो गया है। कोरोना संक्रमण से पूर्व 584 नेत्र शिविरों का आयोजन हो चुका था, जिसके पश्चात कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मार्च 2020 में नेत्र शिविर का आयोजन स्थगित कर दिया गया था। पुनः 31 अक्टूबर से इस अभियान के शुरुआत की पहल उपायुक्त सूरज कुमार ने कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के पालन के साथ की। आज इस अभियान का दूसरा नेत्र शिविर बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों के रजिस्ट्रेशन के साथ हुआ, जहां 96 नेत्र रोगियों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिन सभी का कोविड-19 जांच भी जिला सर्विलांस टीम के सहयोग से हुआ। सभी निगेटिव पाये गये नेत्र रोगियों की जांच जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा की गयी, जिसमें 27 नेत्र रोगियों का मोतियाबिन्द हायपर मैच्योर पाया गया, जिनका ऑपरेशन अत्यावश्यक है। इन सारे नेत्र रोगियों के अन्य स्वास्थ्य जांच के साथ कल रविवार को ऑपरेशन किया जायेगा। आज अंधापन निवारण अभियान की नोडल पदाधिकारी परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता ने नेत्र शिविरों में कोविड-19 दिशानिर्देशों से अवगत कराते हुए नेत्र रोगियों से इसका पालन सुनिश्चित कराया। जांच के क्रम में इस शिविर में सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक भालोटिया, अभिषेक भालोटिया, राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, सदस्य राकेश मिश्र, उमेश राम, प्रमोद कुमार एवं राधेश्याम कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।







