
जमशेदपुर : राष्ट्रीय अंधापन निवारण अभियान के तहत उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम सह जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष सूरज कुमार के दिशा-निर्देश पर इस वर्ष के दूसरे नेत्र शिविर का आयोजन 7 से 9 नवम्बर तक रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय, चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में किया जायेगा. इस शिविर का आयोजन समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के पूर्व पेट्रन स्व चन्दूलाल भालोटिया की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जायेगा। 7 नवम्बर को नेत्र रोगियों का रजिस्ट्रेशन, उनकी कोविड-19 जांच तथा उसके पश्चात उनकी आंखों की जांच चिकित्सीय टीम द्वारा की जायेगी। (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए अंधापन निवारण अभियान की नोडल पदाधिकारी, परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया ने बताया कि वैसे नेत्र रोगी जो मोतियाबिन्द से ग्रस्त हैं वे 7 नवम्बर शनिवार को प्रातः 11 बजे, पहचान पत्र सम्बन्धी किसी भी दस्तावेज का फोटो कॉपी तथा अपना या अपने परिजनों का मोबाईल नम्बर लिखकर लायेंगे, जिससे उनके रजिस्ट्रेशन में सुविधा होगी. उसके पश्चात जिला सर्विलांस टीम द्वारा कोविड-19 जांच की जायेगी, जिसमें कोविड-19 मुक्त (निगेटिव) मरीजों के आंखों की जांच चिकित्सीय टीम द्वारा की जायेगी. चुने गये मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार 8 नवम्बर को नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह (रेड क्रॉस), डॉ पूनम सिंह (टीएमएच), डॉ आनन्द सुश्रुत (रेड क्रॉस) द्वारा किया जायेगा। ऑपरेशन कराये मरीजों की आंखों की अंतिम जांच सोमवार 9 नवम्बर को पट्टी खोलकर की जायेगी तथा उन्हें आवश्यक दवा व आंखों की देखभाल सम्बन्धी जानकारी देकर विदा किया जायेगा।





