जमशेदपुर : जमशेदपुर में ऑनलाइन पैसे ठगने और आकर्षक ब्याज के साथ रिटर्न करने के नाम पर नकली नोट खपाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. इस कारोबार का खुलासा सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह के एक युवक अमित चौहान ने किया है. युवक ने तमाम धमकियों के बाद भी किसी की परवाह किए बगैर एक युवक को कपाली के डोबो से धर दबोचा और सोमवार देर रात सीतारामडेरा थाना के हवाले कर दिया है. युवक का नाम फैज मोहम्मद है और वह मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड का राहनेवला है. उसके पास से चिल्ड्रन बैंक लिखा पांच- पांच सौ के सैकड़ों नोट मिले हैं, जिसे पुलिस ने जब्त कर युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
युवक ने मीडिया को बताया कि यह रुपये वह रांची से लेकर आ रहा था तभी डोबो के समीप अमित चौहान ने उसे धर दबोचा और पुलिस को सौंप दिया. अमित ने बताया कि यह युवक पांच प्रतिशत ब्याज पर लोगों को कारोबार में लगाने के नाम पर तीन से चार दिनों में पैसे लौटाने की बात कहकर असली पैसे लेता था बदले में नकली नोट देकर रफूचक्कर हो जाता था. अबतक उसने दर्जनों लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है और लाखों की ठगी की है. उसने बताया कि जैसे ही जालसाज फैज को उसने दबोचा उसके पास कई लोगों के फोन आने लगे मगर उसने किसी की परवाह नहीं की. इधर मंगलवार को सीतारामडेरा थाने की पुलिस ने गिरफ्त में आए फैज को पिछले दरवाजे से न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जो कई सवालों को जन्म दे रहा है.














