जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदाताओं के सम्मान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा. भारत सरकार एवं राज्य सरकार ने सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विभागों को रक्तदान शिविर का आयोजन व अधिक से अधिक रक्तदान करने का निर्देश दिया है. साथ ही रक्तदाताओं के सम्मान में इसे समारोह के रूप में मनाने का निर्देश भी दिया है. 14 जून को रेड क्रॉस भवन साकची में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में सभी सरकारी गैर सरकारी विभागों सामाजिक संस्थाओं एवं रक्तदाताओं को रक्तदान के लिए आमंत्रित किया गया है. रेड क्रॉस सोसायटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने बताया कि इस अवसर पर संस्थाएं अपने बैनर पोस्टर के साथ विश्व रक्तदाता दिवस का प्रचार प्रसार कर रक्तदान करेंगी. उन्होने रेड क्रॉस से जुड़े रक्तदान करने वाले समाजसेवी संस्थाओं से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर रक्तदाताओं के सम्मान में रक्तदाता साथियों के साथ रक्तदान कर इस दिवस को यादगार बनायें. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञातब्य हो कि रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा इस वर्ष 14 जून को सभी रक्तदाताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है. साथ ही रक्तदाताओं को 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस का विशेष सर्टिफिकेट प्रदान किया जायेगा. 25, 50, 75 एवं 100 वीं बार इस अवसर पर रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को शिविर में ही विशेष स्मृति चिन्ह (मोमेन्टो) प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा. विश्व रक्तदान शिविर के आयोजन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी दिशानिर्देश जारी किया है तथा थीम वाक्य के रूप में हिन्दी रूपान्तरण – मानवता की एक बूंद – रक्त प्रदान करें – जीवन बचायें “





