
जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना मुख्य सड़क के बीचो-बीच बनी हुई सात फुटपाथी दुकानें बीती रात जलकर खाक हो गई. स्थानीय दुकानदारों ने इसकी सूचना भाजपा नेता विकास सिंह को दी. विकास सिंह ने मौके में पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली. दुकानदारों ने रोते हुए विकास सिंह को बताया कि प्रत्येक दिन की तरह वे सभी अपनी दुकान को रात्रि 8:00 बजे बंद कर अपने घर चले गए थे. सुबह आए तो पूरी दुकान जली हुआ थी. मानगो नगर निगम के द्वारा सभी का वेंडर कार्ड बना कर दिया गया है. इसके साथ ही प्रत्येक दिन मासूल के नाम पर बाजार समिति के ठेकेदार के द्वारा शुल्क भी वसूला जाता है. उसके बावजूद सभी की सुधि लेने के लिए न तो मानगो नगर निगम के अधिकारी आए और न ही बाजार समिति के सदस्य. मुख्य रूप से सब्जी, दर्जी की सिलाई दुकान, चाय समोसे की दुकान, आलू प्याज की दुकान जलकर खाक हो गई है. दुकानदारों ने विकास सिंह को बताया कि हमारे पास इस कोवि-19 में जमा पूंजी कुछ भी नहीं है. हम सभी दुकान कैसे बनाएंगे और कैसे लगाएंगे समझ में नहीं आ रहा है. विकास सिंह ने अपनी ओर से सभी सातों दुकानदारों को बांस देने की बात कही, जिससे वे अपनी दुकान दोबारा बना सकें. बताया जाता है कि अजय साहू, सुधीर गोराई, अष्टमी गोराई, दुलारी गोराई, गोनी वाला कैबर्तो, राजकुमार दास एवं सुरा प्रसाद की दुकान जली है. इस दौरान रामजी साहू, सत्येंद्र प्रसाद, राम सिंह कुशवाहा, मनोज ओझा, दुर्गा दत्ता ने बाजार का सघन दौरा किया.






