जमशेदपुर : दीपावली के मद्देनजर शहर में पटाखों की खरीद-बिक्री की तैयारी पूरी कर ली गयी है. शुक्रवार से शहर के 12 चिह्नित मैदानों में अस्थायी पटाखा बाजार शुरू हो गई. जिला प्रशासन ने इसके लिए जिले में कुल 538 दुकानों को लाइसेंस जारी किया है. इनमें 432 दुकानें जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में संचालित होंगी. जारी लाइसेंस की वैधता 8 नवंबर तक रहेगी. प्रशासन ने प्रत्येक लाइसेंसधारी दुकानदार को अधिकतम 25 किलोग्राम रेडीमेड पटाखा रखने की अनुमति दी है. सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शर्तों के विपरीत कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. बिना लाइसेंस पटाखा बेचने, अवैध भंडारण करने या निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखा रखने पर सामान जब्त करने के साथ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
आवंटित जगह से बाहर दुकान लगाने पर होगी कार्रवाई : एसडीओ ने दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे केवल प्रशासन की ओर से आवंटित मैदान में ही अपनी दुकान लगायें. सड़क किनारे, रिहायशी क्षेत्रों और सामान्य बाजारों में पटाखा दुकान लगाने की अनुमति नहीं है. निर्धारित 25 किलोग्राम की सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री मिलने पर संबंधित दुकानदार का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जा सकता है. वहीं, साकची आमबगान समेत प्रमुख पटाखा बाजारों में अग्निशमन वाहनों की तैनाती रहेगी. प्रत्येक दुकान में चालू हालत में अग्निशमन यंत्र रखना भी अनिवार्य किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
किस मैदान में कितनी दुकानें
मैदान का नाम – दुकानें
साकची आमबगान – 110
कदमा गणेश पूजा मैदान – 72
जुगसलाई आरपी पटेल हाई स्कूल – 48
बारीडीह दुर्गापूजा मैदान – 36
बिष्टुपुर क्लब हाउस – 35
टेल्को एम टाइप मैदान – 23
बर्मामाइंस दुर्गापूजा मैदान – 22
मानगो गांधी मैदान – 21
सोनारी राम मंदिर मैदान – 20
सिदगोड़ा गड्डा मैदान – 16
गोलमुरी सर्कस मैदान – 15
भालुबासा हरिजन हाई स्कूल – 14












