जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के भुइयां सिनान पिकेट में तैनात जवान किशोर कुमार थापा ने पारिवारिक विवाद में गुरुवार की रात खुद को गोली मार ली. गोली उनके बाएं कंधे में आगे की तरफ लगी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घायल जवान को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. घायल जवान किशोर कुमार थापा स्पेशल असाल्ट टीम का जवान है. उसने अपनी इंसास राइफल से खुद को गोली मारी है. टीएमएच के एचडीयू में जवान को भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में छानबीन में जुट गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
घायल की पत्नी कुमारी कशिश भी टीएमएच पहुंची है. पुलिस की जांच में पता चला है कि पत्नी से जवान का अक्सर विवाद होता था. जवान की सैलरी की आधी पेमेंट खर्च होने के कारण विवाद चला आ रहा है. रुपए कहां जा रहे हैं, किस पर खर्च हो रहे हैं. इसका हिसाब मांगने पर विवाद होता था. जवान ने कई बार आत्महत्या करने की धमकी दी थी. कुमारी कशिश ने बताया कि बीती शाम उसने पति से बात करने की कोशिश की. लेकिन मोबाइल बंद मिला. रात में उसे घटना की जानकारी मिली. तब वह टीएमएच पहुंची है फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही.












