चाकुलिया : जमशेदपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में हाथियों से बचाव के लिए वन विभाग ने एक नई पहल की है. विभाग ने एक टोल फ्री नंबर 18003456486 जारी किया है, जिस पर कॉल कर गांव में हाथियों के आने की सूचना वन विभाग को दी जा सकती है. इसके बाद विभाग की क्यूआरटी टीम हाथियों को भगाने के लिए गांव पहुंचेगी. (नीचे भी देखें)
यह जानकारी वन क्षेत्र पदाधिकारी दिग्विजय सिंह ने दी है. उन्होंने बताया कि यह टोल फ्री नंबर 24 घंटे चालू रहेगा. ज्ञात हो कि ग्रामीण इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात काफी बढ़ गया है. हाथी रोज किसी न किसी गांव में घुस कर उत्पात मचा रहे हैं. रेंजर श्री सिंह ने बताया कि वन प्रमंडल पदाधिकारी ममता प्रियदर्शी ने हाथियों से बचाव के लिए नई पहल की है. इस टोल फ्री नंबर को जारी करने का उद्देश्य वन्य प्राणियों को सुरक्षा देना और जान माल की क्षति को कम करना है. विगत दिनों हाथियों की समस्या को लेकर वन प्रमंडल पदाधिकारी ने चाकुलिया कार्यालय परिसर में हाथियों की समस्या को लेकर ग्रामीण और पंचायत के जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तार से चर्चा की थी. उक्त बैठक में हाथी के गांव में प्रवेश करने पर सूचना देने के लिए एक टोल फ्री नंबर उपलब्ध कराने की मांग की गई थी, उस पर पहल करते हुए विभाग ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। ग्रामीणों के सूचना देने पर क्यूआरटी टीम हाथियों को भगाने के लिए गांव पहुंचेगी.



