जमशेदपुर : मानगो के मुर्दा मैदान में फिर कचरे का ढेर जमा होना शुरू हो गया है, जो लगातार बढ़ता जा रहा है. उधर कचरे के ढेर के कारण आसपास के निवासियों को भारी परेशानी हो रही है. विशेष रूप से क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं नवयुवकों को वहां खेलने में परेशानी हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इलाके के लोगों का कहना है कि उन्होंने मानगो नगर निगम से उक्त कचरा हटवाने का कई बार आग्रह भी किया, लेकिन वहां कोई सुनवाई ही नहीं होती. क्षेत्र के निवासी शहनवाज हुसैन उर्फ बंटी ने बताया कि मैदान में कई हाइवा कचरा जमा हो गया है. वे बुधवार को भी मानगो नगर निगम गये थे. काफी कहने सुनने के बाद एक जेसीबी भेजा गया, जिससे कचरा हटाया गया. लेकिन एक ट्रिप काम करने के बाद जेसीबी वापस लौट गया. उन्होंने कहा कि यहां काफी कचरा जमा है, जिसे नगर निगम को युद्ध स्तर पर लग कर साफ कराना होगा. लेकिन नगर निगम के अधिकारी कुछ नहीं सुनते. उन्होंने कहा कि नगर निगम के ठेकेदार और सिटी मैनेजर को फोन करने पर वे लोग फोन भी नहीं उठाते.











