जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के बावनगोड़ा के रहने वाले संजय सोरेन का शव 30 दिसंबर को बड़ाबांकी के जंगल में पहाड़ी पर मिला था. संजय सोरेन के हत्यारों का पुलिस अब तक पता नहीं लगा सकी है. इससे नाराज संजय सोरेन के परिजनों ने बुधवार को डिमना चौक से कैंडल मार्च निकाला. यह कैंडल मार्च डिमना चौक से शंकोसाई रोड नंबर 5 तक पहुंचा. डिमना चौक पर मृत आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया. मृतक संजय सोरेन के चाचा आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने वादा किया था कि 24 घंटे के अंदर हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा. लेकिन, अभी तक हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं.(नीचे भी पढ़े)
संजय सोरेन 19 अक्टूबर को बावनगोड़ा स्थित अपने घर से निकला था. लेकिन, वह घर वापस नहीं लौटा. उसकी स्कूटी 19 दिसंबर को बड़ाबांकी के पास एक तालाब के पास से बरामद हुई और 30 दिसंबर को उसका अधजला शव मिला था. शव मिलने के बाद यह साफ हो गया कि संजय सोरेन की हत्या कर शव फेंका गया था. बस्ती वासियों ने आजादनगर थाना का 30 दिसंबर को ही घेराव किया था. सिटी एसपी के विजय शंकर ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही हत्यारोपी गिरफ्तार होंगे. लेकिन, अब तक हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं.











