जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के पटना कॉलोनी की रहने वाली 20 वर्षीया युवती तस्नीम कौसर सोमवार सुबह से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है. परिजनों के अनुसार तस्नीम सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कह कर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी. लगातार खोजबीन के बावजूद देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. परिवार ने पहले आसपास के परिचितों और रिश्तेदारों से संपर्क कर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन जब कहीं से भी कोई सूचना नहीं मिली तो परिजनों ने इसकी जानकारी जुगसलाई थाना पुलिस को दी. साथ ही, आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
तस्नीम के अचानक गायब हो जाने से परिजन बेहद व्याकुल हैं. घर में मातम का माहौल है और मोहल्ले के लोग भी उसकी तलाश में जुटे हुए हैं. परिजन लगातार रो-रोकर बेहाल हैं और उसकी सुरक्षित वापसी के लिए दुआ कर रहे हैं. पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है. कॉलेज में सहपाठियों और शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही युवती का पता लगा लिया जाएगा. परिवार और पुलिस दोनों ने आम जनता से सहयोग की अपील की है. यदि किसी को तस्नीम कौसर के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो वे मोबाइल नंबर 7004957950 पर संपर्क कर सकते हैं. तस्नीम के गुम होने की खबर से पूरे मोहल्ले में दहशत और चिंता का माहौल है. लोग उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं.














