जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी केबुल टाउन इलाक़े में सभी उपभोक्ताओं के घरों में अलग-अलग बिजली कनेक्शन देने का रास्ता साफ हो गया है. झारखंड उच्च न्यायलय ने एक रिट याचिका को निष्पादित करते हुए शुक्रवार को इस आशय का आदेश दे दिया. इस आशय की जानकारी जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने दी. सरयू राय ने बताया कि वैसे तो उच्च न्यायालय ने एक वर्ष पहले दिए गये अंतरिम आदेश में भी कहा था कि केबुल टाउन इलाक़े के लोग अपने घरों में अलग बिजली कनेक्शन लेने के लिए टाटा स्टील यूआइएसएल के यहां आवेदन करें. टाटा स्टील यूआइएसएल भी कनेक्शन देने के लिये तैयार था परंतु केबुलवासी इसके लिए आगे नहीं आए. अब उच्च न्यायालय का अंतिम आदेश आ गया तो केबुल टाउन के बाशिंदों को चाहिए कि वे शीघ्रातिशीघ्र बिजली कनेक्शन लेने की क़ानूनी प्रक्रिया पूरा करें. सरयू राय ने कहा कि उन्हें हार्दिक प्रसन्नता हो रही है कि जिस मांग को उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र का विधायक रहते हुए उठाया था, आज वह पूर्ण हुआ. (नीचे भी पढ़े)
इसके लिए टाटा स्टील के अधिकारियों को बधाई देता हूं. उन्होंने इस मामले में पूरा सहयोग किया और कोई अड़चन नहीं डाला. उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र का विधायक रहते हुए श्री राय ने केबुल टाउन के सभी घरों के लिए अलग पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया था. इसमें भी टाटा स्टील ने सहयोग किया था. सरयू राय ने बताया कि अभीतक केबुल टाउन में 9 वेंडरों के माध्यम से बिजली की आपूर्ति होती थी. इसके चलते केबुल उपभोक्ताओं को महंगी दर पर बिजली मिलती थी. अब केबुल टाउन के निवासी बिजली कनेक्शन के लिए टाटा स्टील यूआइएसएल के पास बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन दें तथा टाटा स्टील यूआइएसएल अपने वेंडरों के साथ जितनी जल्दी हो सके हिसाब किताब कर ले. श्री राय के सहयोगी इस काम में केबुलवासियो को हर संभव सहयोग देंगे. (नीचे भी पढ़े)
ज़रूरत पड़ी तो कैम्प लगाकर बिजली कनेक्शन का फॉर्म भी भरवाएंगे. सरयू राय ने कहा कि केबुल टाउन इलाक़े में पेयजल की व्यवस्था और सड़कों की व्यवस्था कराने के बाद अब हर घर में अलग बिजली कनेक्शन देने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया, इसकी उन्हें अतिशय प्रसन्नता है. जिन लोगों ने घरों में अलग पेयजल, उन्नत सड़कों के जाल का निर्माण और अब घरों में अलग बिजली कनेक्शन के लिए आरम्भ किए गए उनके आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, उन्हें बधाई देता हूं, आभार प्रकट करता हूं. टाटा स्टील यूआइएसएल ने दिवालिया केबुल कंपनी के प्रोफेशनल रीज्येलुशन अधिकारी के पास और उच्च न्यायालय में चल रही रिट याचिका के दौरान जनहित में जैसा सहयोगात्मक रवैया अपनाया, उसके लिए वह उन्हें भी धन्यवाद देते हैं.











