जमशेदपुर : लंबे संघर्ष और धरना-प्रदर्शन के बाद आखिरकार एमजीएम मेडिकल कॉलेज के 115 पीजी स्टूडेंट्स को राहत मिल गई है. कॉलेज प्रशासन ने शुक्रवार से सभी जूनियर डॉक्टरों को हॉस्टल आवंटित करने की घोषणा की है. पिछले छह महीनों से अस्थायी रूप से बाहर रह रहे ये डॉक्टर अब सुरक्षित और स्थायी आवास में रह सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुवार को जूनियर डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर चार घंटे तक कॉलेज प्रिंसिपल के कार्यालय का घेराव कर धरना दिया. कॉलेज प्रशासन के लगातार टालमटोल रवैये से नाराज़ जूनियर डॉक्टर दोपहर एक बजे सामूहिक रूप से प्रिंसिपल से मिलने पहुंचे. शुरुआत में अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन देकर लौटाने की कोशिश की, लेकिन इस बार जूनियर डॉक्टर अपनी मांग पर अडिग रहे. स्थिति को गंभीर होता देख प्रिंसिपल ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया. करीब आधे घंटे की बातचीत के बाद प्रशासन ने कॉलेज परिसर के पीछे बने 2 बीएचके फ्लैटों को शुक्रवार तक जूनियर डॉक्टरों को आवंटित करने पर सहमति जताई. (नीचे भी पढ़ें)
एमजीएम जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ गणेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 115 जूनियर डॉक्टरों में कई महिला चिकित्सक भी हैं, जो छह महीनों से बाहर किराए पर रह रही थीं. इससे सुरक्षा और खर्च दोनों ही बड़ी समस्या बने हुए थे.














