पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण के लिए 18 जिलों के 121 निर्वाचन क्षेत्रों में गुरुवार शाम 6 बजे मतदान संपन्न हो गया. चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार राज्य के इतिहास में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत हासिल करने की ओर अग्रसर है. हालांकि, अभी आंकड़े शाम पांच बजे तक के ही आए हैं, चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए शाम 5:00 बजे तक 60.13 प्रतिशत मतदान हुआ है. इस प्रकार प्रथम चरण के मतदान के बाद राज्य के 18 जिलों के 121 चुनाव क्षेत्रों से किस्मत आजमा रहे कुल 1314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)

18 जिलों में से, बेगूसराय में सबसे अधिक 67.32 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद गोपालगंज में 64.96 प्रतिशत और मुजफ्फरपुर में 64.63 प्रतिशत मतदान हुआ. पटना जिले में 55.02 प्रतिशत मतदान हुआ है. लखीसराय जिले में 62.76 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद मधेपुरा में 65.74 प्रतिशत मतदान हुआ. आज शाम पांच बजे तक भोजपुर जिले में 53.24 प्रतिशत, बक्सर में 55.10 प्रतिशत, दरभंगा में 58.38 प्रतिशत, खगड़िया में 60.65 प्रतिशत, मुंगेर में 54.90 प्रतिशत, नालंदा में 57.58 प्रतिशत, सहरसा में 62.65 प्रतिशत, समस्तीपुर में 66.65 प्रतिशत, सारण में 60.90 प्रतिशत, शेखपुरा में 52.36 प्रतिशत, सीवान में 57.41 प्रतिशत और वैशाली में 59.45 प्रतिशत मतदान हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में, राघोपुर में 64.01 प्रतिशत, महुआ में 54.88 प्रतिशत, अलीनगर में 58.05 प्रतिशत, तारापुर में 58.33 प्रतिशत, लखीसराय में 60.51 प्रतिशत, छपरा में 56.32 प्रतिशत, बांकीपुर में लगभग 40 प्रतिशत, फुलवारी में 62.14 प्रतिशत, रघुनाथपुर में 51.18 प्रतिशत, सीवान में 57.38 प्रतिशत और मोकामा में 62.16 प्रतिशत मतदान हुआ. पहले चरण में राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा नेता सम्राट चौधरी और मंगल पांडे और जदयू के श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं के भाग्य का फैसला होगा. तेज प्रताप यादव भी पहले चरण में मैदान में रहे. (नीचे भी पढ़ें)

उधर आज मतदान के दौरान कई स्थानों पर छिटफुट बकझक एवं झड़प की खबरें भी आ रही हैं. लखीसराय में उप मुख्यमंत्री विदजय कुमार सिन्हा की गाड़ी को ग्रामीणों ने आगे जाने से रोक दिया. इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा उनकी गाड़ी पर चप्पल, कचरा व पत्थर फेंके जाने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. वहीं सारण जिले के मांझी चुनाव क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मतदान केंद्र में भाकपा माले प्रत्याशी सह विधायक डॉ सत्येंद्र यादव के साथ बहसबाजी एवं असामाजिक तत्वों द्वारा उनकी स्कॉर्पियो के कांच तोड़ दिये जाने की खबर भी मिली है. इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर भी छिटफुट शोरगुल होने की खबरें मिली हैं.














