जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मिल एरिया में शुक्रवार को वेल्डिंग दुकान में काम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. वेल्डिंग के काम में उपयोग हो रहे सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. धमाका इतना तेज था कि पास खड़े ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के वक्त सिलेंडर से वेल्डिंग का काम कर रहा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की ओर इशारा किया है. स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि वेल्डिंग जैसे जोखिम भरे कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और आपातकालीन इंतज़ाम बेहद जरूरी हैं. इस घटना से सबक लेते हुए संबंधित ठेकेदारों और औद्योगिक इकाइयों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना चाहिए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुट गयी है.











