जमशेदपुर: जमशेदपुर के बगबेड़ा प्रधानटोला क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई जानलेवा साबित हुई. सोमवार को करीब 24 वर्ष के दो युवक खुदाई के गड्ढे में गिर गए, जिसमें से एक की मौत हो गयी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान कृष्णा बास्के के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम पंचू बताया जा रहा है. घटना के समय मिट्टी काफी गीली थी, जिससे दोनों युवक अचानक गड्ढे में फिसल गए. (नीचे भी पढ़ें)

कृष्णा की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गयी, जबकि पंचू को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. कृष्णा आज ही वहां पर काम करने गया था. काम करने के दौरान हासदा हुआ. कृष्णा तीन भाईयों में सबसे छोटा था. दो भाईयों की पहले ही मौत हो चुकी है. मृतक की शादी डेढ़ माह पूर्व हुई थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा ठेकेदार की घोर लापरवाही का नतीजा है. (नीचे भी पढ़ें)

खुदाई के दौरान सुरक्षा के कोई भी उपाय नहीं किए गए थे, न तो आसपास कोई बैरिकेडिंग की गयी थी और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे. इसके चलते राह चलते लोग बिना जानकारी के खतरे में पड़ रहे हैं. घटना के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल है. लोगों ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं. (नीचे भी पढ़ें)

बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना के पाइपलाइन काम में एक मजदूर की मौत, जिला पार्षद डॉक्टर परमार पहुंची एमजीएम – बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना के तहत कुसुम घाट में चल रहे पाइपलाइन के काम के दरमियान एक मजदूर के मिट्टी में दबने से मौत हो गयी. सूचना मिलते ही जिला पार्षद डॉक्टर कविता परमार एमजीएम अस्पताल पहुंची. पहुंच कर परिवार वालों से मिली. पीएचडी विभाग के अफसर और प्रीति इंटरप्राइजेज के अधीकृत कर्मचारी से बात की. मामले की जानकारी उप विकाश आयुक्त
अनिकेत सचान को दी. उचित मुआवजे के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा.



