
जमशेदपुर : अवैध खनन के मामले को लेकर आयकर विभाग (इनकम टैक्स) की चल रही छापामारी के क्रम में जमशेदपुर के बड़े कारोबारी सज्जन नरेडी के भी तीन ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार को छापामारी की है. जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज गेट के सामने स्थित सज्जन नरेडी के आवास, उनके बिष्टुपुर विरदी निवास स्थित ऑफिस और मानगो में ठाकुरानी माइंस के दफ्तर में आयकर विभाग की टीम ने छापामारी की. जमशेदपुर और रांची के अलावा कोलकाता की भी टीम इस छापामारी में शामिल है. बताया जाता है कि माइंस घोटाले को लेकर यह छापामारी की गयी है. बताया जाता है कि सज्जन नरेडी का पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा से संचालित होने वाले टीपीसीएसएल समूह में वे भी पार्टनर की भूमिका में थे और उन्होंने भी इस मामले में निवेश किया है. इसके अलावा उनका ठाकुरानी माइंस में भी निवेश का पता चला है. इन सारे निवेश में उनके साथ उनके बेटे भी शामिल है. इस बारे में सज्जन नरेडी से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया. वहीं आयकर विभाग अभी कुछ कहने को तैयार नहीं है. (नीचे देखे पूरी खबर)

मधु कोड़ा एंड टीम के घोटाले से जुड़े रहे है सज्जन नरेडी, सीए का छीना जा चुका है लाइसेंस
सज्जन नरेडी पुराने घोटालेबाजों में शुमार है. सज्जन नरेडी इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के घोटाले से भी जुड़े थे. वे जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड के प्रख्यात चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) थे. लेकिन उन्होंने सीए रहते हुए फाइल बनाने और मधुकोड़ा कांड में जिस तरह से घोटाले किये, उसके बाद चार्टर्ड एकाउंटेंट का लाइसेंस उनका छीन लिया गया है. अभी सज्जन नरेडी के बेटे भी बिजनेस के साथ चार्टर्ड एकाउंटेंसी भी कर रहे है.
पश्चिम सिंहभूम से लेकर रांची और ओड़िशा में चल रहा छापामारी
पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में आयकर विभाग द्वारा लगातार दबिश दे रहा है. टीपीएसएल समूह के आवास और कार्यालय में कार्रवाई की गयी है. बताया जाता है कि आयरन ओर घोटाले से जुड़े होने के बाद से यह लौह अयस्क खदान बंद है. करीब 10 से 12 साल से बंद खदान में भी छापामारी की गयी है. इसके अलावा ओड़िशा में भी छापामारी की जा रही है. बताया जाता है कि सज्जन नरेडी का ओड़िशा में भी निवेश किया गया है, जहां से फीडबैक मिलने के बाद फिर से छापामारी शुरू कर दी गयी है.





