
जमशेदपुर : मिक्सोपैथी के खिलाफ आईएमए ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आयुष चिकित्सकों को मॉडर्न प्रैक्टिस का अधिकार दिए जाने के बाद मिक्सोपैथी के विरोध मे पूरे देश में 1 से 14 फरवरी तक आईएमए के डॉक्टर क्रमिक भूख हड़ताल कर सरकार द्वारा आयुष चिकित्सकों को दिए गए अधिकार का विरोध करने का ऐलान कर दिया है. इधर जमशेदपुर आईएमए और मिशन पिंक हेल्थ के डॉक्टरों ने रविवार को भूख हड़ताल पर बैठ विरोध प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में आईएमए जमशेदपुर के सचिव डॉ मृत्युंजय कुमार ने बताया, कि उन्हें आयुर्वेद से कोई परहेज नहीं, लेकिन आयुर्वेद के डॉक्टरों को अगर ऑपरेशन का अधिकार दे दिया गया तो मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है. वही मिशन पिंक हेल्थ ने भी आईएमए का समर्थन करते हुए मिक्सोपैथी का विरोध जताया है. इन्होंने भारतीय स्वास्थ्य सेवा बचाओ अभियान के तहत लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर और बैनर लगाने का निर्णय लिया है. इन्होंने सरकार से मेडिकल संस्थान खोले जाने और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है. झोलाछाप और अर्ध ज्ञान प्राप्त आयुर्वेदिक डॉक्टरों को सर्जरी का अधिकार देने का इन्होंने कड़ा विरोध जताया है.












