जमशेदपुर : सरकार से 28 दिन तक संघर्ष करने के बाद जल सहियों को अब मुखियों का आतंक झेलना पड़ रहा है. पूर्वी सिंहभूम जिले की जल सहिया अपनी पीड़ा लेकर बुधवार को आदित्यपुर स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अपनी पीड़ा बताई. हालांकि कार्यपालक अभियंता के अनुपस्थित रहने के कारण उन्होंने मीडियाकर्मियों से अपना दर्द साझा किया.(नीचे भी पढ़ें)
इस सम्बन्ध में जिला जल सहिया संघ की अध्यक्ष ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद सरकार ने उन्हें नियमित करने का आश्वासन दिया है, किन्तु जिले के मुखिया कनीय अभियंता के पत्र को गलत ढंग से पेश कर उनका शोषण कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मुखिया निवर्तमान सहियों को पदमुक्त कर दूसरे सहियों का पदस्थापन करना चाहते हैं, जबकि सरकार के पत्र में स्पष्ट आदेश है कि वैसी जगहों पर सहियों की बहाली करनी है जहां की सहिया का निधन हो चुका है या वह काम छोड़ चुकी हो. ऐसे स्थानों पर ग्रामसभा के जरिये सहियों की नियुक्ति की जानी है. मगर उत्तरी छोटा गोविंदपुर की मुखिया मनमानी पर उतारू हैं, जो सरकार का आदेश भी नहीं मान रहे हैं. जल सहिया इसी की शिकायत लेकर बुधवार को कार्यपालक अभियंता से मिलने पहुंची थीं, मगर उनसे मुलाकात नहीं हो सकी.





