बोकारो : बोकारो जिला हरला थानांतर्गत कर्माटांड निवासी और वीडियो एडिटिंग करनेवाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे दूसरे धर्म की नाबालिग के साथ दुष्कर्म और उसका वीडियो बना कर ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार वीडियो एडिटिंग का कार्य करने वाले कर्मटाड़ निवासी जियाऊल मुस्तफा उर्फ अरमान ने एक 14 वर्षीय किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया. वर्ष 2020 में होली के दिन उसे अपने घर बुलाया और धोखे से नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया. उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया. मंगलवार को पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. वीडियो को प्रसारित करने की धमकी देते हुए अरमान दो वर्षों से किशोरी का शारीरिक शोषण कर रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
किशोरी ने विरोध किया तो स्कूल के मेल पर उसका वीडियो भेज दिया. तब स्कूल प्रबंधन ने लड़की के माता-पिता को जानकारी दी. उसके बाद मामला थाना पहुंचा और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने किशोरी की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है. पीड़िता की मां ने बताया कि उनलोगों को सेक्टर चार स्थित बेटी के स्कूल के प्रबंधन से तीन दिसंबर को जानकारी मिली कि एक अश्लील वीडियो मेल पर आया है. उसके बाद उन्होंने बेटी से जानकारी ली. उसने रोते हुए बताया कि जियाऊल उसे बहला-फुसलाकर सेक्टर नौ स्थित अपने आवास में ले गया. उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया. उसके बाद दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बना लिया. वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए वर्ष 2020 से उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाया. घर से उठवाने की भी धमकी देता है. हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बचती नजर आ रही है.





