जमशेदपुर : एग्रिको ट्रैफिक सिग्नल के समीप बड़े मालवाहक ट्रेलर की चपेट में आने से दोपहिया वाहन सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत की घटना पर जनता दल यूनाइटेड पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद पीड़ादायक है और शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. आकाश शाह ने कहा कि पूर्व में उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की गई थी कि दिन के समय बड़े मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश पूर्णतः बंद किया जाए. उन्होंने कहा कि शहर की व्यस्त सड़कों पर दिन में भारी वाहनों का परिचालन आम नागरिकों की जिंदगी के लिए लगातार खतरा बना हुआ है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट मांग की कि दिन के समय भारी मालवाहक वाहनों का शहर के रास्तों से प्रवेश और निकास पूरी तरह बंद किया जाए. कंपनियों में माल लेकर जाने अथवा कंपनियों से माल लेकर बाहर निकलने वाले सभी बड़े मालवाहक वाहन केवल रात्रि के समय निर्धारित व्यवस्था के तहत ही शहर के मार्गों का इस्तेमाल करें. इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए और उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई हो. आकाश शाह ने कहा कि अब प्रशासन को हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय हादसा रोकने की नीति अपनानी होगी. उद्योगों और कंपनियों की जरूरत अपनी जगह है, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दिन में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश-निकास पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना ही शहर में सड़क सुरक्षा की दिशा में एक प्रभावी कदम होगा.




