जमशेदपुर : लगातार हो रही वर्षा के कारण जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित ब्राह्मण टोला के दर्जनों घर जलमग्न हो गए हैं. घरों में पानी भर जाने से लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है. सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं और क्षेत्र की स्थिति नारकीय बनी हुई है. बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है. गौरतलब है कि ब्राह्मण टोला में जल निकासी की समस्या कोई नई नहीं है. प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान यह क्षेत्र जलजमाव से प्रभावित होता है. पूर्व में भी क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थायी समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के दिशा-निर्देश पर आज जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के महाप्रबंधक आरके सिंह से मिला. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की सफाई एवं आवश्यक तकनीकी उपायों के माध्यम से इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की. टाटा स्टील यूआइएसएल के महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल अपनी तकनीकी टीम के साथ विमर्श किया तथा आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी एवं कारगर कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके. प्रतिनिधिमंडल में जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव एवं सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष अर्जुन यादव शामिल थे.




