जमशेदपुर : मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत अग्रसेन भवन (शिव मंदिर परिसर) में प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के मार्गदर्शन में आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नवीन गिरी ने की. बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहे. अपने संबोधन में श्री श्रीवास्तव ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि जनता दल (यू) और एनडीए के साझा विजन की परीक्षा है. उन्होंने कहा कि जनता अब जातिवादी और तुष्टिकरण की राजनीति को ठुकरा चुकी है और विकास, सुशासन तथा स्थायित्व की राजनीति को चुन रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि “हर बूथ पर मजबूती से डटे रहें, घर-घर जाकर एनडीए के प्रत्याशी के लिए जनसंपर्क करें और मतदाताओं को नीतीश मॉडल की विकास यात्रा से अवगत कराएं.” उन्होंने यह भी कहा कि 2005 के पहले और आज के बिहार की स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर है – जो जनता की जागरूकता और सुशासन की विजय है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि आज देश और राज्य में जिस तरह विकास और समाजिक समरसता को लेकर काम हो रहा है, उसमें एनडीए की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है. उन्होंने कहा कि घाटशिला उपचुनाव एक मौका है कि जनता फिर एक बार विकासशील नेतृत्व को चुने. कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि घाटशिला उपचुनाव को जीतने के लिए वे निष्ठा, मेहनत और एकजुटता से हर स्तर पर अभियान चलाएंगे. यह बैठक न केवल चुनावी तैयारी का हिस्सा थी, बल्कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम बनी. इस बैठक में विशेष रूप से गणेश नायर, वीर सिंह देवगम, प्रकाश कोया, नीरज सिंह, हीरालाल प्रमाणिक, संजय, सुनाराम किसको, पृथ्वीराज श्रेष्ठ, अनुराग, धीरज मोहाली, सागर पॉल, अनीश, विशाल पातर, मनीष रजक, मिथुन धूल, शंकर, गणेश कुमार शामिल रहे. साथ ही क्षेत्र के अन्य कई सक्रिय कार्यकर्ता व स्थानीय पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.











