पलामू : झारखंड की पलामू पुलिस ने कुछ ऐसा किया कि जनता उनकी मुरिद हो गयी. इस कार्रवाई ने जमशेदपुर में एसपी रहते हुए डॉ अजय कुमार द्वारा की गयी कार्रवाई की याद लोगों को करा दी. पलामू के कुख्यात अपराधी गौतम सिंह उर्फ डब्लू सिंह गिरोह के लिए बस स्टैंड में रंगदारी वसूलने वाले 6 लोगों को पलामू पुलिस ने गिरफ्तार किया. इतना ही नहीं, पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों को पकड़कर कमर में रस्सी बांधकर सड़क पर भी घुमाया ताकि लोगों के बीच डब्लू सिंह का भय खत्म हो सके. इस दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर से रंगदारी देने वाले बस मालिकों, टेंपो चालक सहित अन्य लोगों को भी सचेत किया है. यह भी कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा में है. रंगदारी मांगने पर पलामू शहर थाना या फिर ट्रैफिक पोस्ट पर आकर शिकायत की जा सकती है. पुलिस हर संभव उनकी मदद करेगी. पकड़े गए आरोपियों में रेड़मा के मनीष दुबे, सत्संग आश्रम बैरिया के मुकेश कुमार सिंह, कुंड मुहल्ला के रसीद तबरेज उर्फ बिट्टू अंसारी, पांकी रोड रेड़मा के सुरेन्द्र तिवारी, नावाबाजार के रबदा निवासी संजीव कुमार सिंह, जेलहाता सर्वोदय नगर निवासी धर्मेद्र कुमार शामिल हैं. जानकारी देते हुए पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि कई बार शिकायत मिल रही थी कि बस स्टैंड में कुछ लोग गौतम सिंह के लिए लोगों से रंगदारी वसूलने का काम करते है. शनिवार को पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को गिरफ्तार कर लिया. लोगों के बीच भय खत्म करने के उद्देश्य से सभी को शहर की मुख्य सड़को पर घूमाया भी गया.
















