
रांची : रांची के तुपुदाना इलाके में शनिवार को दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई. हत्या के पीछे लव ट्राएंगल की आशंका जाहिर की जा रही है. शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने तुपुदाना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. मृतकों की पहचान हुलहुंडू शांति नगर निवासी विवेक तिग्गा और बेरमाद कुंबा टोली निवासी पूजा कच्छप के रुप में की गई. दोनों एक दुसरे से प्रेम संबंध में थे और दोनों का एक दुसरे के घर आना जाना था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पूर्व में लिव इन में रह रही थी पूजा, गर्भवती होने के बाद पूर्व प्रेमी ने छोड़ा
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह बात पता चली है कि पूजा पूर्व में प्रेम नामक युवक से संबंध था. दोनों लिव इन में रह रहे थे. इस बीत पूजा गर्भवती हो गई. उसने प्रेम को शादी करने का दबाव बनाया पर प्रेम ने इंकार कर दिया जिसके बाद से वह अपने पिता के साथ रहने लगी. इसी बीच वह विवेक के संपर्क में आई थी. उसे प्रेम अक्सर जान से मारने की धमकी भी दिया करता था.
प्रताड़ना के बाद की गई हत्या
दोनों के शव को देखकर ऐसा प्रतित हो रहा था कि हत्या के पहले दोनों को काफी प्रताड़ित किया गया था. विवेक के शरीर पर धारदार हथियार से कई बार वार किए गए थे, एक उंगली भी कटी हुई थी. वहीं पूजा के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया है. उसके चप्पल घटना को बयां कर रहे है कि किस तरह उसे तड़पाकर मारा गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.















