पटमदा: जमशेदपुर के जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने शुक्रवार को जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय देवघर में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच झारखंड सरकार की कल्याण विभाग द्वारा संचालित उन्नति का पहिया योजना के तहत साइकिल वितरण किया. इस दौरान संबोधित करते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की उन्नति का पहिया योजना का उद्देश्य विशेष रूप से उन छात्र-छात्राओं को सहायता देना है जो दूर दराज से पढ़ने के लिए स्कूल आते हैं. कई विद्यार्थियों को रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है. इससे समय और ऊर्जा दोनों खपत होती है, जिसका असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)

साइकिल मिलने के बाद अब वे कम समय में सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से स्कूल पहुंच सकेंगे. विधायक ने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की. इससे पहले स्कूल पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन समिति के द्वारा विधायक का जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान बीडीओ, मुखिया शशि सिंह सरदार, पंचायत समिति सदस्य बासंती सिंह, उप मुखिया श्रीमंत गौड़, समाजसेवी सुबोध गौड़ समेत विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद थे.




