
जमशेदपुर : पटमदा अंचल सभागार में अंचलाधिकारी की ओर से बैठक का आयोजन किया गया, इसमें पटमदा प्रखंड के समस्त ग्राम प्रधानों के साथ जुगसलाई के विधायक सह सचेतक सत्तारूढ़ दल मंगल कालिंदी शामिल हुए। इस दौरान विधायक ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन ही एकमात्र विकल्प है। इसलिए प्रत्येक पंचायत व गांव में वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने की जरूरत है। उन्होंने ग्राम प्रधानों को सबसे पावरफुल बताते हुए कहा कि अगर ग्राम प्रधान लोग चाह लेंगे तो गांवों में शत-प्रतिशत टीकाकरण का काम संभव है। उन्होंने कहा कि कोरोना की जांच भी सभी लोगों को कराने की जरूरत है, ताकि समय रहते उसका पता लगाया जा सके और जरूरत के मुताबिक इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी चंद्रशेखर तिवारी से कहा कि राखडीह के ग्राम प्रधान बगला किंकर मिश्रा ने जो नेट कनेक्टिविटी का मुद्दा उठाया है उसमें सुधार करने या जरूरत पड़ने पर बगल के गांवों तक वाहनों की व्यवस्था करते हुए लोगों को लाने व ले जाने की व्यवस्था की जाये। मौके पर ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष बृंदावन दास, सचिव मृत्युंजय महतो, सुधीर चंद्र माझी, मदन महतो, विकास महतो, संदीप कुमार मिश्र, फूलचांद महतो, किंकर महतो, चंदन सिंह, दोलगोबिंद सिंह, महेंद्र सिंह, शम्भु सिंह एवं विपिन सिंह आदि मौजूद थे। जबकि विधायक श्री कालिंदी के साथ कार्यक्रम के दौरान झामुमो के किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुभाष कर्मकार, मुखिया संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर टुडू, कालीपद महतो व विश्वामित्र दास व अन्य उपस्थित थे।

आमकाड़ी में किया ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन
जुगसलाई विधायक सह झारखंड विधानसभा सत्तारूढ़ दल के सचेतक मंगल कालिंदी ने गुरूवार को पटमदा के लावा पंचायत अंतर्गत आमकाड़ी गांव में 63 केवीए के नया ट्रांसफॉर्मर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य रूप से मुखिया संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर टुडू, झामुमो के किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुभाष कर्मकार, समाज सेवी काली पद महतो, कांग्रेस के जुगसलाई विधानसभा सोशल मीडिया प्रभारी विश्वामित्र दास, अजय मंडल, सनातन मंडल के अलावे आदि मौजूद थे। आमकाड़ी निवासी अजय मंडल ने बताया कि पिछले कई दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब होने की वजह से विद्युतापूर्ति गांव में बाधित हो गई थी। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना स्थानीय विधायक को दिए जाने के बाद उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात करते हुए नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया। दूसरी ओर विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि कोरोना जैसी कोई भी लक्षण दिखाई देने पर आपलोग अविलंब कोरोना की जांच करवायें एवं गांव में आने वाली सर्वे टीम व जांच टीम का सहयोग करें। विधायक ने लोगों से कहा कि कोरोनारोधी वैक्सीन को लेकर किसी तरह का कोई भ्रम में नहीं रहें बल्कि यह पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आप सभी लोग वैक्सीन जरूर लगवायें क्योंकि उन्होंने भी वैक्सीन लगवाया है और उसमें किसी तरह का कोई साइडइफेक्ट नहीं है। कोरोना से बचाव हेतु वैक्सीन सबसे सुरक्षित उपाय है।




