जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बोड़ाम प्रखंड के भुला आजीविका महिला संकुल सावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा शनिवार को बोड़ाम प्रखंड के भुला पंचायत मंडप में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी व विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पार्षद प्रतिनिधि मानिक महतो व भुला पंचायत की मुखिया मंगल सिंह उपस्थित थे. संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है. सरकार महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही हैं. स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने समूहों को और भी बेहतर तरीके से संचालित करते हुए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए साधन विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया. उन्होंने महिलाओं को समूह से जुड़कर नियमित बचत करने, उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए प्रेरित किया. आमसभा में सीएलएफ से जुड़े सभी सदस्यों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने द्वीप प्रज्वलित कर की. इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया. मौके पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की उन महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने समूह के माध्यम से आर्थिक गतिविधियां संचालित कर अपनी आजीविका में वृद्धि की है. भुला सीएलएफ के मैनेजर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए समूह की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद सीएलएफ के अंतर्गत कार्यरत बैंक सखी कैडरों, जिनमें जी. सीआरपी, एफएल सीआरपी, बीआरपी-एलएच एवं अन्य कैडर शामिल हैं, को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों को नियमित बचत, ऋण की किस्त एवं ब्याज भुगतान तथा समूह संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई.




