जमशेदपुर : जमशेदपुर के मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (एमटीएमएच) में कैनकेयर संस्था के सदस्यों ने रोज डे मनाया. इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कैंसर मरीजों के बीच फूल, मिठाई एवं अन्य सामग्री का वितरण किया. कैनकेयर द्वारा रोज डे मनाने का उद्देश्य बीमारी से जूझ रहे उन मरीजों का हौसला बढ़ाना और उन्हें भावनात्मक संबल देना है, जो इलाज के दौरान अपने घर-परिवार से दूर रह रहे हैं. संस्था के सदस्यों ने मरीजों के साथ समय बिताकर उन्हें सकारात्मक रहने के लिए प्रेरित किया. कैनकेयर के सदस्य पिछले 25 वर्षों से निस्वार्थ भाव से कैंसर मरीजों की सेवा कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था द्वारा मरीजों को जरूरत के अनुसार शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर भी सहयोग प्रदान किया जाता है. रोज डे के दौरान मरीजों के बीच फूल और मिठाइयां पाकर उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली. कार्यक्रम में करीब 200 से 250 कैंसर मरीजों के बीच सामग्री का वितरण किया गया. इस अवसर पर कैनकेयर के सदस्य रमेश सिंह, सरवन सिंह, त्रिलोक सिंह, रूबी भाटिया, निकुंज, बब्बू समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे. संस्था के सदस्यों ने कहा कि मरीजों के चेहरे पर मुस्कान लाना और कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है.




