जमशेदपुर : जमशेदपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की हुई हत्या के बाद माहौल गर्म है. इस बीच पुलिस ने इस कांड को लेकर अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया है और जल्द ही कांड का उदभेदन करने की तैयारी है. पुलिस फूंक फूंककर कदम उठा रही है. इस मामले को लेकर अब तक की तफ्तीश में यह बातें सामने आयी है कि जमीन दिखाने के लिए उनको पहले बुलाया गया. इसके बाद पिस्तौल की बल पर उनका अपहरण कर लिया गया. फिर उनके साथ मारपीट की गयी और फिर उनको गोली मारने के बाद हत्या करने के बाद शव को उस खेत में फेंक दिया गया. इस मामले को नाटकीय बनाने के लिए बायी हाथ में पिस्तौल रख दिया गया जबकि उनकी गाड़ी को भी बगल में ही रख दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की तफ्तीश में यह बातें सामने आयी है कि विनय सिंह दोपहर 12 बजे से ही फोन रिसीव नहीं कर रहे थे. फोन रिसीव नहीं करने के बाद देर शाम को पुलिस से जब संपर्क किया गया तो पुलिस वहां मोबाइल का लोकेशन लेकर पहुंची. पुलिस उनके मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य सारे पहलुओं की जांच कर रही है. विनय सिंह को बेरहमी से मारा गया है. जमीन के खरीद बिक्री के अलावा उनके नजदीकी लोगों के काम करने के लिए भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है. पुलिस इसका खुलासा जल्द करेगी, जिसको लेकर हर संभव तैयारी कर ली गयी है. पुलिस हत्यारों तक पहुंच चुकी है. बताया जाता है कि बिहार से आये कुछ हत्यारों ने इस कांड को अंजाम दिया. सुपारी किलर के माध्यम से यह हत्या करायी गयी है. हालांकि, पुलिस इस मामले पर कुछ बोलने से बच रही है.



