
जमशेदपुर : बहरागोड़ा विधानसभा में चाकुलिया स्थित श्यामसुंदर पंचायत निवासी गौरचंद्र गोप के महीनों पुराने घाव पर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने अपनी ट्वीट से आत्मीयता का मरहम लगाया है. पूर्व विधायक ने गुरुवार की दोपहर में ट्वीट करते हुए चाकुलिया के बेतना गाँव निवासी गौरचंद्र गोप के बेहतर इलाज को लेकर झारखंड सरकार से गुहार लगाया. उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को ट्वीट करते हुए सर्वोच्च प्राथमिकता सहित मामले में संज्ञान लेने का निवेदन किया था. पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने अपनी ट्वीट में गौरचन्द्र गोप के पाँव के तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा था कि “यह तस्वीरें विचलित करने वाली है. इससे व्यक्ति के कष्ट और असहनीय पीड़ा का अंदाज़ा लगाया जा सकेगा”. पैसों के अभाव में उपचार न हो पाने से एक छोटे घाव ने गैंगरीन का विकराल रूप ले लिया है. तस्वीरों में साफ दिख रही है कि पीड़ित व्यक्ति के लगभग आधे पाँव गल चुके हैं. पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी की ट्वीट निवेदन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी तत्परता दिखाते हुए फ़ौरन इलाज के निर्देश दिये है. सीएम ने अपने ट्वीटर हैंडल से मामले को रिट्वीट करते हुए पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त को गौरचंद्र गोप के बेहतर इलाज के लिए ज़रूरी कदम उठाने को कहा है. वहीं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को भी इस बाबत संज्ञान लेने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा है. कुणाल षाड़ंगी की पहल और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार शाम को ही चाकुलिया स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। अब गौरचंद्र गोप के बेहतर ईलाज संपन्न होने की उम्मीद जागृत हुई है.







