जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर में रविवार सुबह एक 28 वर्षीया महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान अकीदा खातून के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, अकीदा खातून अपनी बहन के साथ जाकिरनगर में रहती थी. उसका पति राजा हैदराबाद में काम करता है और पिछले करीब चार महीने से घर नहीं आया था. रविवार सुबह करीब सात बजे अकीदा की अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत समाप्त होने के कुछ समय बाद उसने कथित तौर पर फांसी लगा ली. परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर वहां पहुंची आजादनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद, पारिवारिक तनाव या कोई अन्य कारण था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.




