जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित बड़े पुल से बुधवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वर्णरेखा नदी में कूदने की कोशिश की. हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने समय रहते उसे रोककर उसकी जान बचा ली.बताया जा रहा है कि व्यक्ति मानगो बड़े पुल से नदी में छलांग लगाने का प्रयास कर रहा था. उसे ऐसा करते देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे रोक लिया. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. गौरतलब है कि फिलहाल स्वर्णरेखा और खरकई दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. ऐसे में नदी में कूदने की कोशिश बेहद खतरनाक साबित हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है. उसने नदी में कूदने की कोशिश क्यों की, इसका कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ उसकी पहचान करने में लगी हुई है.




