जमशेदपुर : भादो अमावस्या के पावन अवसर पर शुक्रवार को गोलमुरी शिव मंदिर में मंदिर समिति एवं नारी जागरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में श्री राणी सती दादीजी का मंगल पाठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ. इसमें बड़ी संख्या में दादी भक्त श्रद्धालु शामिल हुए. मंगल पाठ वाचिका मंजू सैन ने मंगल पाठ का वाचन करते हुए श्री राणी सती दादीजी की महिमा का बखान किया. मंगल पाठ के साथ भजन-कीर्तन एवं मनोहारी धार्मिक झांकियों ने भी श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया. मंदिर परिसर दादी जी के जयकारों एवं भक्ति गीतों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

श्रद्धालुओं ने मंगल पाठ में सहभागी बनकर श्री राणी सती दादीजी से सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दादी भक्तों में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा देखने को मिला. कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ. आयोजक श्री शिव मंदिर समिति एवं नारी जागरण समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, दादी भक्तों एवं सहयोगियों का आभार जताया. भादो अमावस्या के पावन अवसर पर आयोजित यह मंगल पाठ श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का सुंदर संगम रहा.




